कोहरे के चलते काठगोदाम-जम्मू तवी साप्ताहिक ट्रेन 2 महीने रहेगी निरस्त

कोहरे के चलते काठगोदाम-जम्मू तवी साप्ताहिक ट्रेन 2 महीने रहेगी निरस्त

12 जनवरी से 2 मार्च 2027 तक ट्रेन संख्या 14695 और 10 जनवरी से 28 फरवरी तक 14696 का संचालन बंद, यात्रियों को पहले जानकारी लेने की सलाह

जम्मू। सर्दियों में कोहरे के मौसम को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के मद्देनजर काठगोदाम-जम्मू तवी साप्ताहिक रेलसेवा को अस्थायी रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से जनवरी से फरवरी 2027 के बीच इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के अनुसार, प्रत्येक मंगलवार को काठगोदाम से जम्मू तवी जाने वाली ट्रेन संख्या 14695 को 12 जनवरी 2027 से 2 मार्च 2027 तक निरस्त रखा जाएगा। वहीं प्रत्येक रविवार को जम्मू तवी से काठगोदाम आने वाली ट्रेन संख्या 14696 का संचालन 10 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक बंद रहेगा।

रेलवे के अनुसार, ये दोनों रेलसेवाएं जनवरी 2026 तक ट्रेन संख्या 12207 और 12208 के नाम से संचालित हो रही थीं। वर्ष 2027 से इनके नंबर बदलकर क्रमशः 14695 और 14696 किए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी रेलवे स्टेशन के पूछताछ कार्यालय से जानकारी ले सकते हैं।

जम्मू मंडल का कहना है कि कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन को लेकर यह निर्णय लिया गया है।