दीपावली और छठ महापर्व पर जम्मू मंडल की विशेष व्यवस्था सफल, हजारों यात्रियों को मिली राहत

दीपावली और छठ महापर्व पर जम्मू मंडल की विशेष व्यवस्था सफल, हजारों यात्रियों को मिली राहत

जम्मू। दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा की गई विशेष व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए मंडल ने विशेष ट्रेनों का संचालन करने के साथ ही प्रमुख नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों को कन्फर्म बर्थ और सीटों की सुविधा मिली।

त्योहारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मंडल स्तर पर विशेष निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था बनाई गई थी। विशेष ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी गई, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम और एम-यूटीएस की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की सुविधा, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और उद्घोषणा प्रणाली को भी बेहतर बनाया गया, जिससे यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जरूरी जानकारी समय पर मिलती रही।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष तैनाती

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और वाणिज्य विभाग के टिकट जांच कर्मचारियों को विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और छठ व्रतियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

इस सफल व्यवस्था पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की सेवा करना रेलवे के लिए सौभाग्य की बात है। विशेष ट्रेनों के संचालन, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच और बेहतर स्टेशन व्यवस्थाओं से यात्रियों को काफी राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि जम्मू मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों से दोनों पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुए। रेलवे भविष्य में भी प्रत्येक पर्व और विशेष अवसर पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।