हरदोई में सफाईकर्मियों के बीच खूनी संघर्ष, उधारी के पांच हजार रुपये मांगने पर मोती वाल्मीकि की हत्या, आरोपी हिरासत में

हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्ला नगर चौराहे पर शनिवार दोपहर दो सफाई कर्मियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दीपावली पर दिए गए पांच हजार रुपये वापस मांगने को लेकर हुए झगड़े में एक सफाई कर्मी ने दूसरे के सिर पर चारपाई के पावे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोती वाल्मीकि की सीएचसी पिहानी में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, अब्दुल्ला नगर निवासी मोती वाल्मीकि और सरेहजू निवासी रामवीर वाल्मीकि आपस में दोस्त थे। शनिवार 14 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे मोती ने दीपावली पर दिए गए पांच हजार रुपये रामवीर से वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में रामवीर ने चारपाई के पावे से मोती के सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मोती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह और हलका प्रभारी गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे शानू पुत्र छोटेलाल की तहरीर पर रामवीर के खिलाफ हत्या से संबंधित धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।