दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 92 आधुनिक ट्रैक मशीनों से रेल पटरियों का हो रहा अनुरक्षण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 92 आधुनिक ट्रैक मशीनों से रेल पटरियों का हो रहा अनुरक्षण

अक्टूबर तक 4,732 किलोमीटर ट्रैक की टैम्पिंग, 1,918 टर्नआउट का भी हुआ अनुरक्षण

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक से रेल पटरियों का अनुरक्षण किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे में 92 अत्याधुनिक ट्रैक मशीनें लगाई गई हैं, जिनकी मदद से रेल पटरियों की गुणवत्ता, मजबूती और निर्धारित मानकों को बनाए रखने का काम तेजी से किया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर के रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन 400 से अधिक यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन होता है। ऐसे में ट्रेनों का सुरक्षित और निर्बाध संचालन बनाए रखने के लिए रेल पटरियों का नियमित अनुरक्षण बेहद जरूरी है। रेलवे द्वारा आधुनिक मशीनों के माध्यम से कम समय में अधिक सटीकता के साथ यह कार्य कराया जा रहा है।

वर्तमान में रेलवे के पास सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफआरएम, पीक्यूआरएस, टी-28 और बीआरएम सहित 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें उपलब्ध हैं। इनके संचालन और रखरखाव के लिए करीब 900 प्रशिक्षित रेलकर्मी तैनात हैं। ये कर्मचारी दिन-रात रेल पटरियों को बेहतर और सुरक्षित बनाए रखने में जुटे हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक रेलवे ने 4,732 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैम्पिंग, 1,918 टर्नआउट टैम्पिंग और 216 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग का कार्य पूरा किया है। इसके अलावा 102 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 126 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण और 69 टर्नआउट का नवीनीकरण भी किया गया है।

अकेले अक्टूबर महीने में 629 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैम्पिंग, 183 टर्नआउट टैम्पिंग और 24 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग का कार्य किया गया। इसके साथ ही 3 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 15.5 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण और 4 टर्नआउट का नवीनीकरण पूरा किया गया।

रेलवे के अनुसार नागपुर-झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों के संचालन को देखते हुए ट्रैक की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधुनिक मशीनों से अनुरक्षण होने के कारण कार्य तेजी और सटीकता से पूरा हो रहा है। इससे रेल यातायात पर भी कम प्रभाव पड़ता है और रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से रेल पटरियों की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।