मुंबई में 15 नवंबर को मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द और प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल द्वारा रविवार, 15 नवंबर 2026 को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मुंबई मंडल के उपनगरीय रेल मार्गों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते मध्य रेल की मुख्य लाइन, हार्बर लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

 

मुख्य लाइन पर ठाणे और कल्याण के बीच अप एवं डाउन धीमी लाइनों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान मुलुंड से सुबह 10:43 बजे से दोपहर 3:53 बजे तक रवाना होने वाली डाउन धीमी और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को मुलुंड से कल्याण के बीच डाउन फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें ठाणे, कलवा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली स्टेशनों पर रुकेंगी। वहीं, कल्याण से सुबह 10:36 बजे से दोपहर 3:51 बजे तक रवाना होने वाली अप धीमी और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को अप फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। इनका ठहराव डोंबिवली, दिवा, मुंब्रा, कलवा और ठाणे स्टेशनों पर रहेगा। दोनों दिशाओं की ट्रेनें अपने गंतव्य पर निर्धारित समय से करीब 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी के बीच सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक अप एवं डाउन मार्ग पर ब्लॉक रहेगा। इसके चलते पनवेल से सुबह 10:33 बजे से दोपहर 3:49 बजे तक सीएसएमटी जाने वाली और सीएसएमटी से सुबह 9:45 बजे से दोपहर 3:12 बजे तक बेलापुर एवं पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी पनवेल और वाशी के बीच निर्धारित अवधि में सेवाएं प्रभावित रहेंगी। पनवेल से सुबह 11:02 बजे से दोपहर 3:53 बजे तक ठाणे जाने वाली तथा ठाणे से सुबह 10:01 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।

ब्लॉक के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए सीएसएमटी मुंबई और वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं, ठाणे-वाशी और ठाणे-नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर लोकल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन की लोकल ट्रेनें भी सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि रेलवे के बुनियादी ढांचे के रखरखाव और सुरक्षित रेल परिचालन के लिए ये मेगा ब्लॉक आवश्यक हैं। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।