छठ महापर्व पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जम्मू मंडल अलर्ट, प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी तैनात

जम्मू। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन से लेकर अतिरिक्त कोच लगाने तक की व्यवस्था की गई है। वहीं प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, उधमपुर, कठुआ और पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों को विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया है। जवान प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रित करने के साथ यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

वहीं टिकट जांच कर्मचारी भी स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार सक्रिय हैं। यात्रियों को उनके निर्धारित कोच और बर्थ तक पहुंचने में मदद की जा रही है। अनधिकृत प्रवेश रोकने के साथ आरक्षित श्रेणी के यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और छठ व्रतियों को प्राथमिकता से सहायता दी जा रही है।

इसके अलावा स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट मशीनें, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था, अतिरिक्त रोशनी और साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार जरूरी जानकारियां दी जा रही हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि छठ महापर्व पर यात्रियों की सेवा करना रेलवे के लिए सौभाग्य की बात है। आरपीएफ, जीआरपी और टिकट जांच कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित कर रहे हैं। जम्मू मंडल का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों की सेवा के लिए तत्पर है।