उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में पेंशनधारकों के लिए लगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं चिकित्सा शिविर

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में पेंशनधारकों के लिए लगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं चिकित्सा शिविर

एक ही छत के नीचे पेंशनधारकों को मिलीं कई सुविधाएं

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में पेंशनधारकों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत आयोजित इस शिविर में पेंशनधारकों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के दिशा-निर्देशन एवं प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा के नेतृत्व में 12 नवंबर को प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के कार्मिक विभाग के सभागार में शिविर लगाया गया। इसका आयोजन कार्मिक विभाग के समापन अनुभाग की ओर से किया गया।

शिविर में पेंशनधारकों के मोबाइल फोन पर जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही उन्हें भविष्य में स्वयं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान चिकित्सा शिविर के माध्यम से भी पेंशनधारकों को सुविधा प्रदान की गई। सहायक कार्मिक अधिकारी जितेंद्र सिंह और वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ डॉ. अर्पणा सक्सेना ने उपस्थित पेंशनधारकों का मार्गदर्शन किया। वहीं, बैंक प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता करते हुए बैंकिंग संबंधी औपचारिकताओं में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई।

इसके अलावा पेंशनधारकों को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के माध्यम से ई-पास प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

रेलवे प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ एवं अशक्त पेंशनधारकों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान करना है। शिविर के माध्यम से पेंशनधारकों को सुविधाजनक, सरल और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।