रेलवे के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविरों में 68 पेंशनभोगियों को मिली सुविधा, घर बैठे भी जमा कर सकेंगे प्रमाण पत्र

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविरों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फर्रुखाबाद और बदायूं रेलवे स्टेशनों पर आयोजित शिविरों में कुल 68 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित जागरूकता सेमिनार में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. राकेश कुमार भारती की उपस्थिति में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा बरेली के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पेंशनभोगियों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल माध्यम से प्रमाण पत्र जमा करने के तरीके और इसके फायदों के बारे में भी बताया गया।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित शिविर में 21 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं फर्रुखाबाद और बदायूं रेलवे स्टेशनों पर आयोजित शिविरों में 47 पेंशनभोगियों को इस सुविधा का लाभ मिला।

रेलवे प्रशासन के अनुसार डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा से पेंशनभोगी घर बैठे अथवा शिविरों के माध्यम से ऑनलाइन अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ समय की भी बचत हो रही है। रेलवे की इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।