रेलवन ऐप से घर बैठे मिलेगी रेलवे की सभी सुविधाएं, अनारक्षित टिकट बुकिंग पर मिलेगा 3% अतिरिक्त बोनस

जम्मू। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और रेलवे स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों से रेलवे के आधिकारिक सुपर ऐप ?रेलवन? का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लोकेशन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

रेलवन ऐप के जरिए यात्री अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और आरक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा पीएनआर की स्थिति, ट्रेन की वास्तविक लोकेशन, आगमन-प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

यात्रियों के लिए सबसे खास बात यह है कि ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस छूट दी जा रही है। यह बोनस राशि सीधे यात्री के आर-वॉलेट में जमा होगी, जिसका इस्तेमाल अगली टिकट बुकिंग में किया जा सकेगा।

ऐप के माध्यम से यात्री ई-कैटरिंग से भोजन मंगाने, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर और कुली सेवा बुक करने तथा किसी भी शिकायत के समाधान के लिए रेल मदद की सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं। इसमें यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और आर-वॉलेट से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

इस संबंध में जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवन ऐप यात्रियों के लिए तेज, सरल और भरोसेमंद डिजिटल समाधान है। उन्होंने यात्रियों से स्वयं इस ऐप का उपयोग करने के साथ परिवार, मित्रों और सहयात्रियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, उधमपुर, पठानकोट कैंट, कठुआ, बनिहाल और श्रीनगर सहित प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। रेलवन ऐप एंड्रॉइड और आईओएस उपयोगकर्ताओं के लिए संबंधित ऐप स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। रेलवे का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देकर यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और सुगम बनाना है।