जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा– स्वच्छता, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है छठ महापर्व

बैकुंठपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गढेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। पर्व को लेकर गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, साज-सज्जा और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का अद्भुत पर्व है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ पूरी श्रद्धा और निष्ठा से मनाया जाता है। छठव्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं उन्होंने कहा कि छठ पूजा की विशेषता यह है कि इसमें अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और अगले दिन उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाता है। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर जल में खड़े होकर सूर्यदेव की उपासना की जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, संयम, समर्पण और पारिवारिक जिम्मेदारियों का संदेश देता है।

चार दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को खरना के दिन व्रती गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना करेंगे। 15 नवंबर को संध्या के समय अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत का समापन एवं पारण किया जाएगा।

सामाजिक एकता और सेवा का प्रतीक है छठ महापर्व

अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाला महापर्व भी है। इस अवसर पर सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ घाट पर पहुंचते हैं और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे छठ घाट की साफ-सफाई एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। उन्होंने बताया कि छठव्रतियों की सुविधा, घाट की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के सहयोग से भी स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है अंत में अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर सपरिवार पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, सहभागिता और सेवा भावना से यह पावन पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता का सुंदर उदाहरण बनेगा।