छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 59 स्पेशल ट्रेनों की 381 ट्रिप्स का संचालन; नियमित ट्रेनों में भी बढ़ेंगे कोच

जयपुर। छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे द्वारा कुल 59 स्पेशल रेलसेवाओं की 381 ट्रिप्स संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही नियमित ट्रेनों में भी यात्रियों की मांग और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से लगाए जा रहे हैं।

रेलवे प्रशासन द्वारा पटना, दरभंगा, दानापुर, सांतरागाछी, हावड़ा, समस्तीपुर, भागलपुर, गया, बरौनी और मुजफ्फरपुर सहित बिहार के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा रांची, कोलकाता और कामाख्या सहित अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए भी स्पेशल रेलसेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

59 स्पेशल ट्रेनों की 381 ट्रिप्स निर्धारित

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, छठ पर्व के लिए अब तक कुल 59 स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें उत्तर पश्चिम रेलवे के क्षेत्राधिकार से संचालित 13 जोड़ी और 3 एकतरफा स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इनके कुल 143 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे के क्षेत्राधिकार से होकर गुजरने वाली 13 जोड़ी और 4 एकतरफा स्पेशल ट्रेनों के कुल 238 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस तरह दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 381 ट्रिप्स का संचालन किया जा रहा है।

नियमित ट्रेनों में भी बढ़ाए जा रहे अतिरिक्त कोच

त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक सीटें और बर्थ उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने नियमित रेलसेवाओं में भी अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और ट्रेनों में अतिरिक्त यात्रीभार को संभालने में मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन का कहना है कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर रेल व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अतिरिक्त यात्री यातायात का प्रभावी प्रबंधन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को त्योहार पर अपने घर और गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.