हरदोई में जमीन के विवाद में लाठी-डंडे और गोली चली, कई वाहनों को आग के हवाले किया, गांव में तनाव

हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जलालपुर में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। कहासुनी के बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान उपद्रवियों ने मौके पर खड़े कई वाहनों में आग लगा दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। मारपीट के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं। लगातार फायरिंग से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिपने को मजबूर हो गए।
आरोप है कि संघर्ष के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आग की चपेट में आने से वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और घटनास्थल का जायजा लिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।