छठ पर्व पर यात्रियों को राहत, रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का बढ़ाया गया संचालन

गोरखपुर। दीपावली के बाद छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने रामनगर-पाटलिपुत्र-रामनगर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन के संचालन का विस्तार किया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से यात्रियों को आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 28 नवंबर 2026, शनिवार को एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 29 नवंबर 2026, रविवार को एक अतिरिक्त फेरे के लिए संचालित की जाएगी।

यह ट्रेन गोरखपुर होकर संचालित होती है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के ठहराव, समय-सारणी, रेक संरचना और मार्ग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी व्यवस्थाएं पूर्ववत रहेंगी।

रेलवे के इस निर्णय से छठ पर्व के बाद यात्रियों की वापसी में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और अतिरिक्त यात्री दबाव कम करने में मदद मिलेगी।