एनएफआर महाप्रबंधक विवेक खरे ने गुवाहाटी-न्यू हाफलंग रेलखंड का किया निरीक्षण, संरक्षा और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक विवेक खरे ने 10 नवंबर 2026 को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन का दौरा कर गुवाहाटी से न्यू हाफलंग तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर संरक्षा व्यवस्था, ट्रेन परिचालन और रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। यह निरीक्षण लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निर्धारित दो दिवसीय कार्यक्रम का पहला दिन था।

गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने प्रतीक्षालयों, विश्रामालयों और प्लेटफार्मों का निरीक्षण किया। उन्होंने टिकट वितरण सुविधाओं, स्टेशन परिसर की स्वच्छता और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही प्रवेश और निकास द्वारों पर भीड़ प्रबंधन, प्लेटफार्मों पर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच समन्वय की समीक्षा की।

गुवाहाटी से न्यू हाफलंग के बीच निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी रेलखंड पर रेलवे ट्रैक, पुलों और सुरंगों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ट्रैक निरीक्षण ट्रॉली की जांच करने के साथ ही रेल कर्मचारियों द्वारा इसके उपयोग की प्रक्रिया भी देखी। महाप्रबंधक ने सुरक्षित एवं विश्वसनीय यात्री और मालगाड़ी परिचालन सुनिश्चित करने के लिए चल रहे संरक्षा कार्यों और रखरखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मंडरडिसा रेलवे स्टेशन पर भी उन्होंने यात्री सुविधाओं, प्रतीक्षालयों, विश्रामालयों, प्लेटफार्मों और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं न्यू हाफलंग रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कराए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर होने वाले सुधारों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्लेटफार्मों सहित स्टेशन परिसर में आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बने।

गौरतलब है कि 1 नवंबर 2026 को कार्यभार संभालने के बाद से महाप्रबंधक विवेक खरे लगातार असम में रेल अवसंरचना और विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इससे पहले 5 नवंबर को उन्होंने कामाख्या-न्यू बंगाईगांव रेलखंड का निरीक्षण किया था। वहीं 11 नवंबर को उनका न्यू हाफलंग से बदरपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण प्रस्तावित है। इसमें पहाड़ी रेलखंड के शेष हिस्से में ट्रैक रखरखाव और परिचालन संरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।