होल्डिंग एरिया में बिछड़े बच्चे को टिकट चेकिंग स्टाफ ने पिता से मिलवाया, परिवार ने जताया आभार

फिरोजपुर। रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक परिवार को बड़ी राहत मिली। लुधियाना रेलवे स्टेशन के होल्डिंग एरिया में अपने पिता से बिछड़े बच्चे को टिकट चेकिंग स्टाफ ने तलाश कर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार 10 नवंबर को यात्री शिव शंकर पांडे त्योहार स्पेशल ट्रेन संख्या 04658 (लुधियाना-सहरसा) से लुधियाना से मुजफ्फरपुर की यात्रा करने वाले थे। इसी दौरान उनका बच्चा लुधियाना रेलवे स्टेशन के होल्डिंग एरिया में उनसे बिछड़ गया। परेशान पिता ने तत्काल टिकट चेकिंग स्टाफ से मदद मांगी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे सुरक्षित खोजकर पिता के सुपुर्द कर दिया।

अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर शिव शंकर पांडे भावुक और प्रसन्न हो गए। उन्होंने टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ रेलवे प्रशासन का भी आभार जताया।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रेलकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और समर्पण से ही यात्रियों को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का अनुभव मिलता है।