हरदोई में खाद्य विभाग की छापेमारी में 20 किलो दूषित मिठाई नष्ट, नमकीन और पेड़े के नमूने संग्रहित, कारोबारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने की चेतावनी

हरदोई। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर विभागीय टीमों ने मल्लावां, बिलग्राम और शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नमकीन और मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि करीब 20 किलोग्राम खराब मिठाई मौके पर नष्ट कराई गई।
सहायक आयुक्त खाद्य कुमार गुंजन के अनुसार, मल्लावां-बिलग्राम क्षेत्र में धनंजय सिंह की नमकीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां नमकीन में अत्यधिक रंगों का प्रयोग और साफ-सफाई में कमी मिली। टीम ने नमकीन और बेसन के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे तथा इकाई संचालक को सुधार नोटिस जारी किया। मल्लावां में राजेश कुमार की नमकीन निर्माण इकाई में भी अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर नमूना संग्रहित कर सुधार नोटिस दिया गया।
शहर में नगेठा रोड स्थित बाबा सम्मी स्वीट शॉप का निरीक्षण कर साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों पर उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए। पूजा होटल गली, नुमाइश चौराहा स्थित गौरव मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लिया गया। रेलवेगंज स्थित भोला स्वीट्स को रंगीन मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक रंगों का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई।
वहीं, रेलवेगंज के ओम स्वीट्स में करीब 20 किलोग्राम खराब बूंदी के लड्डू और अन्य दूषित मिठाइयां मिलने पर उन्हें नष्ट करा दिया गया।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने की चेतावनी दी है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।