मुरादाबाद में दीपावली-छठ पर रोडवेज कर्मियों को मिलेगा 4800 रुपये तक प्रोत्साहन, 12 दिन ड्यूटी और 3600 किलोमीटर संचालन का लक्ष्य

मुरादाबाद में दीपावली-छठ पर रोडवेज कर्मियों को मिलेगा 4800 रुपये तक प्रोत्साहन, 12 दिन ड्यूटी और 3600 किलोमीटर संचालन का लक्ष्य

मुरादाबाद। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। मुरादाबाद क्षेत्र में यह योजना 06 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक कुल 12 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। इसके तहत चालक-परिचालकों के साथ ही डिपो और क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात कर्मचारियों को भी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

निगम की योजना के अनुसार नियमित, संविदा चालक-परिचालक और आउटसोर्सिंग परिचालकों को पूरे 12 दिन ड्यूटी करने और 3600 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने पर 4800 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं 11 दिन ड्यूटी करने और 3300 किलोमीटर संचालन पूरा करने वाले कर्मचारियों को 4400 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा निर्धारित किलोमीटर से अधिक बस संचालन करने पर संविदा और आउटसोर्सिंग चालक-परिचालकों को 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।

इसी क्रम में डिपो और क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात तकनीकी एवं अन्य कर्मचारियों को भी योजना में शामिल किया गया है। इनमें कार्मिक, कैश, ईओटी, ईओएम, बैग वाइंड, चेकिंग और डीजल पटल पर कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं। निगम से सीधे जुड़े आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इन कर्मचारियों को 12 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 2500 रुपये और 11 दिन ड्यूटी करने पर 2100 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव ने बताया कि त्योहारों के दौरान बस संचालन में किसी भी तरह की आकस्मिक समस्या आने पर क्षेत्रीय कंट्रोल रूम नंबर 8762005894 और मुख्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 18001802877 पर संपर्क किया जा सकता है।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और रोडवेज कर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और सुचारु बस संचालन में सहयोग करने की अपील की है।