दीवाली और छठ पूजा पर यात्रियों को राहत, रेलवे चलाएगा 3 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

मालीगांव। दीवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 3 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। पोत्तनूर-न्यू तिनसुकिया, लुधियाना-पूर्णिया और टाटानगर-लाभा के बीच चलने वाली इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी। कुल 14 फेरों में इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

ट्रेन संख्या 06101 पोत्तनूर-न्यू तिनसुकिया स्पेशल 5 और 13 नवंबर को पोत्तनूर से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर क्रमशः 8 और 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे न्यू तिनसुकिया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06102 न्यू तिनसुकिया-पोत्तनूर स्पेशल 8 और 16 नवंबर को रात 10 बजे रवाना होकर क्रमशः 11 और 19 नवंबर को रात 11:30 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04660 लुधियाना-पूर्णिया आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 5 और 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे लुधियाना से रवाना होकर अगले दिन रात 9:30 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04659 पूर्णिया-लुधियाना स्पेशल 6 और 10 नवंबर को रात 11:30 बजे पूर्णिया से रवाना होकर क्रमशः 8 और 12 नवंबर को सुबह 6:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर-लाभा स्पेशल 5 से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 1 बजे टाटानगर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे लाभा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08182 लाभा-टाटानगर स्पेशल 6 से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 5:20 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि इन ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी की विस्तृत जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट और रेलवे के सोशल मीडिया मंचों पर उपलब्ध है। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की गई है।