12 ट्रेनों के संचालन समय में होगा आंशिक बदलाव, 4 नवंबर से लागू होगा नया समय

12 ट्रेनों के संचालन समय में होगा आंशिक बदलाव, 4 नवंबर से लागू होगा नया समय

काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस समेत कई रेलसेवाएं प्रभावित, यात्रा से पहले समय-सारणी जरूर जांचें

जयपुर। रेलवे द्वारा परिचालनिक कारणों के चलते 12 रेलसेवाओं के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक बदलाव किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह बदलाव अलग-अलग तिथियों से लागू होगा। इसमें काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख रेलसेवाएं शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 14701 श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, 15014 काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस, 12195 आगरा फोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस, 14821 जोधपुर-गांधीग्राम एक्सप्रेस और 14822 गांधीग्राम-जोधपुर एक्सप्रेस के विभिन्न स्टेशनों पर संचालन समय में 4 नवंबर 2026 से आंशिक परिवर्तन किया जाएगा।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 20951 ओखा-जयपुर एक्सप्रेस के समय में 9 नवंबर से बदलाव होगा। गाड़ी संख्या 12414 जम्मूतवी-अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 12015 नई दिल्ली-दौराई शताब्दी एक्सप्रेस के जयपुर स्टेशन पर आगमन समय में 4 नवंबर से परिवर्तन किया गया है।

वहीं, गाड़ी संख्या 12988 अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस 16 नवंबर से परिवर्तित समय दोपहर 12:40 बजे अजमेर से रवाना होगी। गाड़ी संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस 16 नवंबर से परिवर्तित समय रात 2:15 बजे जैसलमेर से प्रस्थान करेगी।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 12404 लालगढ़-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन समय में 15 नवंबर से तथा गाड़ी संख्या 20404 लालगढ़-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन समय में 16 नवंबर से आंशिक बदलाव किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।