मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी, बिना लंबी कतारों के हो रहे दिव्य दर्शन

मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी, बिना लंबी कतारों के हो रहे दिव्य दर्शन

यात्रियों की संख्या में आई कमी से श्रद्धालुओं को राहत, पंजीकरण से लेकर भवन तक सुगम हो रही यात्रा

कटड़ा। दीपावली पर्व के नजदीक आने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है। इसका सीधा लाभ माता के भक्तों को मिल रहा है। इन दिनों श्रद्धालु बिना लंबा इंतजार किए मां के दिव्य दर्शन कर पा रहे हैं। जहां बीते सप्ताह तक प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 15 से 20 हजार रह गई है।

यात्रियों की संख्या कम होने से आधार शिविर कटड़ा से लेकर मां के भवन तक यात्रा का माहौल काफी सुगम बना हुआ है। श्रद्धालुओं को पंजीकरण से लेकर भवन पर दर्शन तक लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। परिवार और मित्रों के साथ पहुंच रहे भक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।

दोपहर तीन बजे तक 12 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

सोमवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवाकर मां के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी रहा। अनुमान है कि दीपावली तक यात्रियों की संख्या में और कमी आ सकती है, जबकि भैया दूज के बाद एक बार फिर यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध

सोमवार को आधार शिविर कटड़ा से लेकर मां के भवन मार्ग तक मौसम सामान्य बना रहा। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यात्रा में भीड़ कम होने से कटड़ा के बाजारों और प्रमुख स्थानों पर भी अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे में मां के भक्त सुविधाजनक माहौल में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर रहे हैं।