मध्य रेल के 10 कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने किया संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

मध्य रेल के 10 कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने किया संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

सतर्कता और सूझबूझ से टालीं संभावित रेल दुर्घटनाएं, दो कर्मचारियों ने यात्रियों की जान बचाकर पेश की मिसाल

मुंबई। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित ट्रेन परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मध्य रेल के 10 कर्मचारियों को महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सोमवार, 02 नवंबर 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समय पर लिए गए निर्णयों की सराहना की गई। इन कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने के साथ ही यात्रियों की जान बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रत्येक संरक्षा पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति प्रमाणपत्र, उत्कृष्ट संरक्षा कार्य का प्रशस्ति-पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

मुंबई मंडल के तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के यार्ड प्रबंधक प्रवीण जुलाल महाजन ने ट्रेन की पेंट्री कार की छत से धुआं निकलता देखकर समय रहते अधिकारियों को सूचना दी। कल्याण के कैरिज एवं वैगन कर्मचारी देवमणि शुक्ला ने निरीक्षण के दौरान वैगन के पहिए पर धातु जमा होने की जानकारी दी, जबकि इगतपुरी के फिटर भूषण बी. पाटिल ने मालगाड़ी के वैगन का टूटा हुआ बेयरिंग कप देखकर अधिकारियों को सतर्क किया।

पुणे मंडल के दो कर्मचारियों को पुरस्कार मिला। वाल्हा के काटेवाले वेंकटेश एस. भुजबल ने मालगाड़ी के वैगन से पिस्टन रॉड नीचे लटकता और चिंगारियां निकलती देखकर खतरे का संकेत देकर ट्रेन रुकवाई। वहीं घोरपड़ी के लोको पायलट महेश बोटलाजे ने शंटिंग के दौरान रेलवे ट्रैक के पॉइंट की टंग रेल टूटी हुई देखी और तत्काल अधिकारियों को सूचना दी।

भुसावल मंडल के तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। ट्रेन मैनेजर लोकेश ने मालगाड़ी में लोड एचआर कॉइल की सुरक्षा पट्टी ढीली देखकर समय रहते सूचना दी। तकनीशियन मिथुन यादव ने वैगन के सीटीआरबी कप में खराबी और ग्रीस सील अपनी जगह से निकली हुई पाई। वहीं अकोला में तैनात आरपीएफ की सहायक उपनिरीक्षक सोनल इंगले ने चलती ट्रेन से गिर रही महिला यात्री को तत्काल बचाकर उसकी जान बचाई।

सोलापुर मंडल के तकनीशियन लालू कुमार ने पेट्रोलिंग के दौरान रेलवे ट्रैक पर असामान्य कंपन महसूस किया। जांच में टूटा हुआ स्टेडी आर्म मिलने पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी, जिससे संभावित दुर्घटना को रोकने में मदद मिली।

नागपुर मंडल के बैतूल स्टेशन पर तैनात आरपीएफ हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह ने चलती ट्रेन में चढ़ते समय प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर रहे यात्री को तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर खींच लिया और उसकी जान बचाई।

महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सतर्कता, जिम्मेदारी और समय पर की गई कार्रवाई सुरक्षित रेल परिचालन की मजबूत आधारशिला है। इन कर्मचारियों का योगदान अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

मध्य रेल की ओर से ऐसे समर्पित कर्मचारियों को सम्मानित करना सुरक्षित रेल यात्रा और संरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।