लुधियाना से 11 पार्सल वैन के जरिए 264 टन माल की ढुलाई, रेलवे को मिला 18.37 लाख का राजस्व

लुधियाना से 11 पार्सल वैन के जरिए 264 टन माल की ढुलाई, रेलवे को मिला 18.37 लाख का राजस्व

अक्टूबर में कोलकाता, धनबाद, गुवाहाटी और रायपुर भेजी गईं पार्सल वैन, फिरोजपुर मंडल के प्रयासों से बढ़ा माल परिवहन

फिरोजपुर। रेलवे द्वारा माल परिवहन को बढ़ावा देने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिरोजपुर मंडल के लुधियाना पार्सल कार्यालय ने अक्टूबर 2026 में 11 पार्सल वैन की लोडिंग कर कुल 264 टन माल की ढुलाई की। इससे रेलवे को 18.37 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन और फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई। अक्टूबर माह के दौरान इन 11 पार्सल वैन के माध्यम से कुल 1,812 पैकेजों का परिवहन किया गया।

इनमें 6 पार्सल वैन कोलकाता, 2 धनबाद, 2 गुवाहाटी और 1 रायपुर के लिए भेजी गईं। इस व्यवस्था से व्यापारियों को अपने सामान की लंबी दूरी तक रेल के माध्यम से ढुलाई की बेहतर सुविधा मिली।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल द्वारा पार्सल परिवहन को बढ़ावा देने और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य माल परिवहन में अपनी भागीदारी बढ़ाने के साथ व्यापारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराना है।