पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सफारी शुरू, लेकिन बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

पीलीभीत, 01 नवंबर। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के नए पर्यटन एवं सफारी सत्र का शुभारंभ हो गया है, लेकिन जनपद की बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने पीलीभीत-माधोटांडा, पीलीभीत-खटीमा और पूरनपुर-खटीमा मार्गों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सड़कों पर गहरे गड्ढे और झाड़ियों से ढकी सफेद पट्टियां पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
उन्होंने सफारी क्षेत्र के नजदीक स्थित सीएचसी माधोटांडा में 24 घंटे डॉक्टर, दवाइयां, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही जंगल क्षेत्र में अग्निशमन, यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कराने पर जोर दिया।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा ने जिलाधिकारी से सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर पर्यटन मार्गों और बुनियादी सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पर्यटन का विरोध नहीं, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। सफारी सत्र शुरू हो गया है, अब जनपद की व्यवस्थाओं को भी पटरी पर लाना होगा।