चलती ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ ने पकड़ा मोबाइल चोर, मुरादाबाद में जीआरपी और आरपीएफ के हवाले किया

चलती ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ ने पकड़ा मोबाइल चोर, मुरादाबाद में जीआरपी और आरपीएफ के हवाले किया

जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी, यात्रियों की मदद से दबोचा

रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और सूझबूझ से चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ लिया गया। रेलकर्मियों ने यात्रियों की मदद से आरोपी को काबू में कर लिया। इसके बाद ट्रेन के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसे जीआरपी और आरपीएफ के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 14611 लखनऊ-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस में जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ रवींद्र कुमार एस-3 से एस-7 कोच में टिकट जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति नशे की हालत में संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया। शक होने पर उन्होंने उससे टिकट और हाथ में मौजूद मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति घबरा गया। मोबाइल की लॉक स्क्रीन पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगी थी और वह बार-बार प्रयास करने के बावजूद फोन का पासवर्ड नहीं खोल सका। पकड़े जाने के डर से उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टिकट चेकिंग स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर दूसरे कोच में ड्यूटी कर रहे सहयोगी कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सहयात्रियों की मदद से आरोपी को काबू में कर लिया गया।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोबाइल पिछले स्टेशन से चोरी किया था। ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी और आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। इस घटना में टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से चलती ट्रेन में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।