सड़क नहीं, ग्रामीणों की मुसीबतों का रास्ता बन गया पिहानी_छतैंयां मार्ग!

सड़क नहीं, ग्रामीणों की मुसीबतों का रास्ता बन गया पिहानी_छतैंयां मार्ग!

गिट्टियां उखड़ीं, सड़क बदहाल; रोजाना जोखिम भरा सफर करने को मजबूर ग्रामीण और आईटीआई के छात्र-छात्राएं

भाकियू सम्राट के जिलाध्यक्ष अरविन्द मौर्या ने विभाग को दी दो टूक चेतावनी, जल्द मरम्मत नहीं हुई तो सड़क पर उतरेगा संगठन

#हरदोई/पिहानी
.
विकास के दावों के बीच पिहानी से छतैंयां जाने वाले मार्ग की बदहाली जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां, क्षतिग्रस्त सतह और गड्ढों ने ग्रामीणों का सफर मुश्किल बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को सड़क पर चलने से ज्यादा खुद को संभालने की चिंता रहती है।

छतैंयां, उमरसेड़ा, फत्तेपुर, लेहना समेत आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन यही मार्ग है। खेती-किसानी से लेकर बाजार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए ग्रामीणों को इसी रास्ते से पिहानी पहुंचना पड़ता है। लेकिन सड़क की बदहाली ने रोजमर्रा की जिंदगी को परेशानी में डाल दिया है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए तो यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है।

शिक्षा के रास्ते में भी बाधा बनी बदहाल सड़क

सबसे गंभीर चिंता इस मार्ग पर स्थित आईटीआई ट्रेनिंग सेंटर तक पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को लेकर है। आसपास के गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रशिक्षण के लिए यहां आते हैं। सड़क की जर्जर हालत के चलते उन्हें भी रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें ही सुरक्षित और सुगम नहीं होंगी तो ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं कैसे मिलेंगी?

चेतावनी को हल्के में न ले विभाग,आंदोलन की तैयारी में भाकियू सम्राट

भारतीय किसान यूनियन (सम्राट) के जिलाध्यक्ष अरविन्द मौर्या ने सड़क की बदहाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाकियू सम्राट ग्रामीणों के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

आखिर कब जागेगा जिम्मेदार विभाग?

ग्रामीणों की मांग साफ है_कागजों में सड़क दुरुस्त दिखाने के बजाय धरातल पर उसकी वास्तविक स्थिति सुधारी जाए। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित कराएं।

सवाल सीधा है_क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या ग्रामीणों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सड़क की सुध लेंगे?

#DMHardoi #DGPUttarPradesh #YogiAdityanath #UPGovt