कल होने वाली यूपी पीईटी परीक्षा को लेकर मुरादाबाद में विशेष बस व्यवस्था, रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बसों से भेजा जा रहा

कल होने वाली यूपी पीईटी परीक्षा को लेकर मुरादाबाद में विशेष बस व्यवस्था, रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बसों से भेजा जा रहा

मुरादाबाद। यूपी पीईटी को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह सक्रिय है। 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए मुरादाबाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर रेलवे स्टेशन से अभ्यर्थियों और यात्रियों को बसों के माध्यम से बस स्टैंड तथा निर्धारित शेल्टर हाउस तक पहुंचाया जा रहा है। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर एवं उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव स्वयं कर रहे हैं।

रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बसों की उपलब्धता और उनके आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बच्चों और अन्य यात्रियों को भी बसों के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक भेजा जा रहा है।

प्रशासन और परिवहन विभाग की इस पहल से यूपी पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि परीक्षा देने पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।