उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, ई-पत्रिका ‘जागृति’ का विमोचन

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, ई-पत्रिका ?जागृति? का विमोचन

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा को बताया सुशासन का आधार, संगोष्ठी में नैतिक आचरण पर दिया जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और नैतिक आचरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित संगोष्ठी के साथ हुआ। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सरकारी कार्यप्रणाली में ईमानदारी, जवाबदेही और निर्धारित नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता एवं सुशासन की विरासत को याद किया गया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी हर व्यक्ति की आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन देती है, लेकिन हर व्यक्ति के लालच के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि यह संदेश उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर भी अंकित है, जो अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में ईमानदारी एवं जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य वी.पी. पाठक ने सरकारी नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने उपनिषदों के ज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अनियमितताओं को रोकने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का सावधानीपूर्वक पालन करना आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर्स) विपुल कन्नौजिया ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर मध्य रेलवे की वार्षिक सतर्कता ई-पत्रिका ?जागृति? का आधिकारिक विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ट्रैफिक) जे. संजय कुमार ने किया, जबकि अंत में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (यांत्रिक) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संगोष्ठी के माध्यम से रेलवे प्रशासन में पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।