इज्जतनगर मंडल में 10 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, डीआरएम वीणा सिन्हा ने सम्मानपूर्वक दी विदाई

इज्जतनगर मंडल में 10 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, डीआरएम वीणा सिन्हा ने सम्मानपूर्वक दी विदाई

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सौंपे गए पेंशन संबंधी दस्तावेज और मेडिकल कार्ड, 4 कर्मचारियों को उसी दिन मिला पदोन्नति का लाभ

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में अक्टूबर 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में मंडल सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड और सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज सौंपे। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

इस अवसर पर डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। रेल सेवा के दौरान कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली हमेशा आने वाली पीढ़ी के रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, अपनी जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने और अपने अनुभवों से परिवार एवं समाज का मार्गदर्शन करते रहने की सलाह दी।

अक्टूबर माह में इंजीनियरिंग विभाग से बाल किशन, वाणिज्य विभाग से राजेंद्र सिंह, परिचालन विभाग से अंगूर लाल शर्मा, प्रदीप कुमार, मुन्नालाल, दाताराम और अशोक कुमार, कार्मिक विभाग से इसरार अहमद तथा चिकित्सा विभाग से ब्रह्मानंद और किशनपाल सेवानिवृत्त हुए। सभी को समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

सेवानिवृत्ति के दिन ही पदोन्नति की नई पहल

इज्जतनगर मंडल में कर्मचारियों के हित में एक नई पहल भी शुरू की गई है। इसके तहत किसी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्त पद पर उसी दिन पात्र कर्मचारी को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के साथ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है। इसी क्रम में अक्टूबर माह में विभिन्न विभागों के 4 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने किया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।