सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत 30 अक्टूबर को मंडल कार्यालय के सभागार में क्विज और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्मिक विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में रेल कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान, सतर्कता संबंधी प्रावधानों, पारदर्शी कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे गए। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने सतर्कता, ईमानदारी, नैतिक आचरण और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर दैनिक कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता अपनाने पर जोर दिया गया। प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन की ओर से कहा गया कि ऐसी गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेलवे में पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को मजबूत करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।