रेलवे ने 6 ट्रेनों के नंबर बदले, दिसंबर में 4 ट्रेनें रहेंगी निरस्त; 3 के मार्ग में बदलाव

रेलवे ने 6 ट्रेनों के नंबर बदले, दिसंबर में 4 ट्रेनें रहेंगी निरस्त; 3 के मार्ग में बदलाव

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर। रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक कारणों से 6 ट्रेनों के नंबर बदलने का निर्णय लिया है। नए नंबर 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे। इसके अलावा आसनसोल मंडल के दुर्गापुर-ओंडाग्राम रेलखंड में मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के चलते दिसंबर में 4 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि 3 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-बनारस महानगरी एक्सप्रेस का नंबर 22177 से बदलकर 11093 और वापसी में 22178 से बदलकर 11094 किया जाएगा। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट तुलसी एक्सप्रेस का नंबर 22129 से बदलकर 11065 और वापसी में 22130 से बदलकर 11066 होगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस का नंबर 12167 से बदलकर 11067 और वापसी में 12168 से बदलकर 11068 किया जाएगा। ये सभी बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।

वहीं मेगा ब्लॉक के कारण 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 22 दिसंबर, 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस 23 दिसंबर, 12319 कोलकाता-ग्वालियर एक्सप्रेस 23 दिसंबर और 12320 ग्वालियर-कोलकाता एक्सप्रेस 24 दिसंबर 2026 को निरस्त रहेंगी।

इसके अलावा 12381 हावड़ा-शकूरबस्ती एक्सप्रेस 23 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। वहीं 12382 शकूरबस्ती-हावड़ा एक्सप्रेस और 12260 बीकानेर-सियालदह एक्सप्रेस 22 दिसंबर को गया, किउल, भागलपुर, गुमानी, रामपुरहाट और सैंथिया के रास्ते चलाई जाएंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।