लुधियाना रेलवे स्टेशन के अतिरिक्त प्रवेश द्वार से यात्रियों को मिल रही सुविधा, 300 से अधिक यात्रियों को रेल वन ऐप के प्रति किया जागरूक

फिरोजपुर। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाए गए अतिरिक्त प्रवेश द्वार का रेलयात्री लगातार लाभ उठा रहे हैं। स्टेशन के मुख्य हिस्से में रेखी सिनेमा चौक और स्थानीय बस अड्डे के बीच बनाए गए इस प्रवेश द्वार से यात्रियों की आवाजाही आसान हो गई है। यहां टिकट काउंटर के साथ ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से यात्री लंबी कतारों में लगे बिना आसानी से अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं और अपने समय की बचत कर सकते हैं।

स्टेशन डायरेक्टर लुधियाना हिमांशु प्रियदर्शी ने ऑटो यूनियन के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें अतिरिक्त प्रवेश द्वार के बारे में जागरूक किया। उन्होंने ऑटो चालकों से अपील की कि स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को इस प्रवेश द्वार पर भी उतारें, जिससे यात्रियों को आवागमन में आसानी हो सके।

वहीं, रेल यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए अतिरिक्त प्रवेश द्वार पर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान 300 से अधिक यात्रियों को रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने और इसकी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मौके पर ही यात्रियों के मोबाइल फोन में रेल वन ऐप इंस्टॉल कराया गया।

रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही टिकट लेने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।

बसंत कुमार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फिरोजपुर