हरदोई में दीपावली से पहले खाद्य विभाग का छापा, 60 किलो काजू सीज और 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट, बिना लाइसेंस चल रहे कारखाने पर FIR

हरदोई। दीपावली के त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी राहुल पांडेय के निर्देश पर अंतर जनपदीय टीम के सहयोग से खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के तीन प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त खाद्य कुमार गुंजन ने बताया कि महादेव स्वीट्स, बिलग्राम चुंगी पर छापेमारी के दौरान 10 किलोग्राम सड़े हुए रसगुल्ले मौके पर नष्ट कराए गए। टीम ने जांच के लिए खोया और रस मलाई के नमूने भी लिए। प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संचालक अखिल गुप्ता को नोटिस जारी किया गया।
इसी क्रम में डीएम चौराहा स्थित सांवरिया स्वीट्स पर कार्रवाई करते हुए गुणवत्ताहीन काजू का नमूना लिया गया। साथ ही करीब 53 हजार रुपये कीमत का 60 किलोग्राम काजू सीज कर दिया गया। संचालक मनोज गुप्ता का कारखाना बिना लाइसेंस संचालित मिलने पर उसे बंद कराते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया।
वहीं, एसपी तिराहा स्थित वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान में मिली अनियमितताओं पर संबंधित को नोटिस जारी किया गया है।
छापेमारी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, पटेल, मान सिंह और निरंजन शामिल रहे।
विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।