त्योहारों पर रेलवे की बड़ी सौगात, लुधियाना से सहरसा दरभंगा गया और कोलकाता के लिए चलेंगी 4 आरक्षित स्पेशल ट्रेनें

त्योहारों पर रेलवे की बड़ी सौगात, लुधियाना से सहरसा दरभंगा गया और कोलकाता के लिए चलेंगी 4 आरक्षित स्पेशल ट्रेनें

आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधाजनक आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने लुधियाना से बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों के लिए 4 आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के चलने से पंजाब से बिहार और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। इनका ठहराव मुरादाबाद सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर होगा।

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन नवंबर में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से त्योहार स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील की है।

इन 4 त्योहार स्पेशल ट्रेनों का होगा संचालन

लुधियाना-सहरसा आरक्षित त्योहार स्पेशल

ट्रेन संख्या 04656 लुधियाना से 6, 9 और 11 नवंबर को चलेगी। यह शाम 5:35 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 11:50 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04655 सहरसा से 8, 11 और 13 नवंबर को सुबह 3:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:35 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

लुधियाना-दरभंगा आरक्षित त्योहार स्पेशल

ट्रेन संख्या 04662 लुधियाना से 7, 10 और 11 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04661 दरभंगा से 8, 11 और 12 नवंबर को दोपहर 1 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5:10 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

लुधियाना-गया आरक्षित त्योहार स्पेशल

ट्रेन संख्या 04664 लुधियाना से 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04663 गया से 13 नवंबर को सुबह 11 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

लुधियाना-कोलकाता आरक्षित त्योहार स्पेशल

ट्रेन संख्या 04666 लुधियाना से 6 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:45 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04665 कोलकाता से 7 नवंबर को रात 11:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी।

मुरादाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का ठहराव मुरादाबाद के साथ सहारनपुर, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, बरेली और शाहजहांपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। अलग-अलग ट्रेनों के मार्ग के अनुसार अन्य स्टेशनों पर भी ठहराव दिया जाएगा।

रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत होगी।