तलवापारा पंचायत में नाली मरम्मत के नाम पर लाखों के बंदरबाट का आरोप,घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का दावा, कुछ महीनों में टूटे नाली के ढक्कन; जांच की उठी मांग

बैकुंठपुर। जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत तलवापारा में नाली मरम्मत कार्य को लेकर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि पंचायत में नाली मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मरम्मत कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण कुछ ही महीनों में नाली पर लगाए गए ढक्कन टूटने लगे हैं मामले में पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि पंचायत में कई निर्माण कार्य अधूरे होने के बावजूद उनकी राशि का आहरण कर लिया गया। नए सचिव के पदभार ग्रहण करने के बाद कराए गए कार्यों और उनके भुगतान की स्थिति की भी जांच किए जाने की मांग की जा रही है।

कुछ महीनों में टूटे नाली के ढक्कन

स्थानीय स्तर पर नाली मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई जा रही है। आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसका परिणाम कुछ ही महीनों में सामने आने लगा। नाली के ढक्कनों का टूटना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, निर्माण की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

अधूरे कार्यों के भुगतान पर सवाल सूत्र

पंचायत में अन्य कार्यों को लेकर भी अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि कुछ कार्यों का जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है, जबकि संबंधित कार्यों के नाम पर फाइलों में बिल भुगतान किए जाने की बात सामने आ रही है। इसके अलावा, बिना वैध जीएसटी बिल के भुगतान किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की जा रही है यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह पंचायत स्तर पर वित्तीय पारदर्शिता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है।

मौखिक शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

मामले में संबंधित अधिकारियों को मौखिक शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। इससे पंचायत में कथित अनियमितताओं पर प्रभावी निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब मांग की जा रही है कि नाली मरम्मत सहित पंचायत में कराए गए अन्य निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

जांच से हो सकता है बड़ा खुलासा

तलवापारा पंचायत में कराए गए नाली मरम्मत कार्य की तकनीकी जांच, स्वीकृत राशि, वास्तविक निर्माण लागत, माप पुस्तिका, भुगतान संबंधी दस्तावेजों और बिलों का सत्यापन कराया जाना जरूरी है। साथ ही, अधूरे कार्यों के भुगतान तथा जीएसटी बिलों से संबंधित आरोपों की भी जांच होनी चाहिए अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराएगा? जांच में अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शासकीय राशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।