त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की मिठाई विक्रेताओं पर कार्रवाई, राधे स्वीट्स से कलाकंद का लिया नमूना

कायमगंज। त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई विक्रेताओं की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर ने टीम के साथ कायमगंज के पृथ्वी दरवाजा स्थित राधे स्वीट्स पर छापा मारकर कलाकंद का नमूना लिया। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकान संचालक मनोज गोला से खाद्य लाइसेंस मांगा। दुकानदार ने टीम को लाइसेंस दिखाया। इसके बाद टीम ने कलाकंद का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकान में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी। उन्होंने दुकानदार को दुकान में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से आसपास के मिठाई विक्रेताओं में हलचल रही।