जोधपुर में नशे के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल की मोटरसाइकिल रैली, 16 बाइकों पर सवार होकर जवानों ने दिया जागरूकता संदेश

जोधपुर में नशे के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल की मोटरसाइकिल रैली, 16 बाइकों पर सवार होकर जवानों ने दिया जागरूकता संदेश

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

जोधपुर। नशा मुक्त समाज के निर्माण और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन, युवाओं और रेल यात्रियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह जागरूकता अभियान गृह मंत्रालय, भारत सरकार के ?नशे के विरुद्ध? विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के तहत अगस्त 2026 से अगस्त 2027 तक प्रस्तावित विशेष अभियान का हिस्सा है। इसके अंतर्गत नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

रैली के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के 35 जवानों ने भागीदारी की। इनमें 16 मोटरसाइकिलों पर सवार जवानों ने विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पिंटू लाल मीणा सहित अन्य रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे स्टेशन से आरपीएफ लाइन तक निकली रैली

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू हुई मोटरसाइकिल रैली जोशी मार्ग होते हुए रेलवे स्टेशन, रेलवे अस्पताल और यूआईटी सर्किल से होकर रेलवे सुरक्षा बल लाइन, जोधपुर पहुंची। यहां रैली का समापन हुआ। पूरे अभियान के दौरान नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देकर लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

?नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें? का दिया संदेश

जोधपुर मंडल की इस पहल का मुख्य संदेश ?नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें? रहा। अभियान के माध्यम से बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। इसके कारण दुर्घटनाओं, आर्थिक परेशानियों और कई तरह की सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने संदेश दिया कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से नशे के खिलाफ प्रभावी वातावरण तैयार किया जा सकता है।

?ऑपरेशन नारकोस? के तहत भी जारी है कार्रवाई

रेलवे सुरक्षा बल जागरूकता अभियान के साथ-साथ ?ऑपरेशन नारकोस? के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है।

रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल के माध्यम से आमजन को जागरूक रहने, युवाओं को नशे से बचाने और समाज में स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।