प्रयागराज रेल मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली की ली शपथ

प्रयागराज रेल मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली की ली शपथ

?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? थीम पर आयोजित हुई बैठक, पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने पर दिया जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत 26 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह और बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, सत्यनिष्ठा तथा अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।

मंडल कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस और अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की शपथ ली।

इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में मुख्य सतर्कता अधिकारी (स्टोर्स) विपुल कनौजिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम केंद्रीय सतर्कता आयोग के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता अभियान की थीम ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखी गई है। सतर्कता जागरूकता अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य सतर्कता अधिकारी विपुल कनौजिया ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र सहित सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा सुशासन के उच्चतम मानकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कार्यों के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना के साथ काम करना चाहिए।

बैठक के दौरान उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग) गुंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इलेक्ट्रिक) कृष्ण कान्त, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (ट्रैफिक) जे. संजय कुमार और उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (मैकेनिकल) ऋषिरज ने पूर्व के मामलों के उदाहरण देकर सतर्कता संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमों के अनुरूप, ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

नैतिकता और जवाबदेही को बढ़ावा देना अभियान का उद्देश्य

सतर्कता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में नैतिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत निवारक सतर्कता से जुड़ी पहलों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर वाले सप्ताह में मनाया जाता है। प्रयागराज मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदार, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाने का संदेश दिया गया।