पीईटी अभ्यर्थियों की मदद के लिए कासगंज स्टेशन पर जीआरपी ने बनाई हेल्प डेस्क

कासगंज। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों में जाने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जीआरपी कासगंज ने रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित की है। यहां तैनात पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों को रेल यात्रा के दौरान जरूरी जानकारी देने के साथ उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेंगे।

जीआरपी की ओर से 25 अक्टूबर को कासगंज जंक्शन पर स्थापित हेल्प डेस्क पर पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट खिड़की और प्रवेश व निकास द्वारों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

परीक्षा में शामिल होने के लिए आने-जाने वाले अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में लगातार भ्रमण और चेकिंग की जा रही है। जीआरपी का उद्देश्य अभ्यर्थियों की यात्रा को सुगम बनाने के साथ स्टेशन पर यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

थानाध्यक्ष कोमल कुंतल ने बताया कि अभ्यर्थियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निगरानी और जांच की जा रही है।