जम्मू मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 180 मामले पकड़े, ₹1.33 लाख जुर्माना वसूला

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में शनिवार को बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में वाणिज्य विभाग के टिकट निरीक्षकों, टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

अभियान के दौरान श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-जम्मू तवी-पठानकोट कैंट, पठानकोट कैंट-भोगपुर सिरवाल और पठानकोट-बैजनाथ पपरोला नैरो गेज रेलखंड पर सघन जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने के करीब 180 मामले पकड़े गए। इन मामलों में यात्रियों से मौके पर कुल 1,33,490 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।