मुरादाबाद में आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर अग्निशमन विभाग का आकस्मिक निरीक्षण

मुरादाबाद। शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर अग्निशमन विभाग ने आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा और एफएसएसओ मोहित कुमार ने आतिशबाजी व्यवसायियों के बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर ध्यान दिया गया।

अभियान का उद्देश्य पर्व के दौरान आग लगने की घटनाओं की आशंका को कम करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अग्निशमन विभाग द्वारा आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।