चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने पर जीआरपी ने महिला को पहुंचाया अस्पताल, बेटी को दिया जन्म

कासगंज। रामनगर आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर जीआरपी कासगंज ने तत्काल मदद पहुंचाई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में भर्ती कराया, जहां उसने बालिका को जन्म दिया। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से प्रसूता और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।

जीआरपी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 1:05 बजे यूपी-112 पर सूचना मिली कि पीलीभीत जिले के गजरौला निवासी अदिति पत्नी हरीश रामनगर आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रही हैं और उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी है। सूचना मिलते ही जीआरपी कासगंज ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और महिला को सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचाया।

अस्पताल में अदिति ने बालिका को जन्म दिया। प्रसूता और नवजात की हालत सुरक्षित बताई गई है। इस दौरान महिला के पति हरीश और परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे। परिजनों ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए जीआरपी की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की।

इस कार्रवाई में जीआरपी कासगंज के थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और कांस्टेबल विपिन कुमार की भूमिका रही।