रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह से पहले बैठक, नुक्कड़ नाटक से दिया भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का संदेश

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को जयपुर स्थित प्रधान कार्यालय के सतर्कता विभाग की टीम ने अजमेर पहुंचकर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा सहित शाखा अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेंद्र मोहन ने वर्ष 2026 की थीम ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में ईमानदारी और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक से भ्रष्टाचार के खिलाफ किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। अरविंद यादव द्वारा लिखित और निर्देशित नाटक में एक भ्रष्ट अधिकारी, इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से भ्रष्टाचार करने की कोशिश को दर्शाया गया। वहीं, एक ईमानदार महिला कर्मचारी उनके भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर देती है और अंत में दोषियों को जेल जाना पड़ता है।

नाटक के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों और आम नागरिकों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने तथा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया गया। इसमें अरविंद यादव, गोरधन रोहिल्ला, नेहा गुर्जर, प्रेमलता, कुसुमलता, रवि पनियार और अंकिता कपूर ने अभिनय किया।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।