नागपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर हुआ रेल जनसंवाद, यात्रियों की समस्याएं सुन अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन

नागपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर हुआ रेल जनसंवाद, यात्रियों की समस्याएं सुन अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन

इतवारी स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने यात्रियों से किया सीधा संवाद

नागपुर। विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में गुरुवार को सभी रेलवे स्टेशनों पर पैन इंडिया रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे सुनकर यात्री सुविधाओं में सुधार करना है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह मौजूद रहे। इस दौरान यात्रियों, रेल परामर्शदात्री सहयोग समिति के सदस्यों और पत्रकारों ने रेल सेवाओं तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए।

अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके नियमानुसार निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनसंवाद के माध्यम से यात्रियों को अपनी बात सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने नागपुर मंडल में चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप रेल सेवाओं में सुधार के महत्व पर जोर दिया।

रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों ने भी यात्रियों और आमजन से संवाद किया। अधिकारियों ने शिकायतों एवं सुझावों को दर्ज कर संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

रेल प्रशासन के अनुसार, रेल जनसंवाद का उद्देश्य यात्रियों और रेलवे के बीच सीधा संवाद मजबूत करना, शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना तथा सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करना है।