पिपहेरा मंडल में मनाया गया विजयादशमी उत्सव, राष्ट्रभक्ति और संगठन का दिया संदेश

धौलपुर। सैपऊ खंड के पिपहेरा मंडल में विजयादशमी उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बौद्धिक वक्ता एवं समाजसेवी जगन्नाथ त्यागी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उत्सव के दौरान धर्म, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता के महत्व पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में सैपऊ खंड प्रचार प्रमुख भूपेंद्र त्यागी, पिपहेरा मंडल कार्यवाह चेतन तथा मां दुर्गा संयुक्त विद्यार्थी शाखा एवं बालाजी शाखा के मुख्य शिक्षक दुष्यंत सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विजयादशमी उत्सव के अवसर पर भुल्लन, सतीश शर्मा, रामतार, समरवीर, ओमकान्त, आंशु सेठ, मयूक, विशाल, लक्की और सैलू सहित अन्य लोगों तथा महिलाओं ने भी शस्त्र पूजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पूजन कर धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

आयोजन में कार्यकर्ताओं की सहभागिता और अनुशासित उपस्थिति देखने को मिली। वक्ताओं के मार्गदर्शन के माध्यम से समाज में एकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। विजयादशमी के पर्व पर उपस्थित लोगों ने सत्य, धर्म और राष्ट्रहित के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।