कासगंज जंक्शन पर बिछड़ी तीन साल की बच्ची, जीआरपी ने 30 मिनट में खोजकर परिजनों को सौंपा

कासगंज। पटियाली में साकार विश्व हरि भोले बाबा के सत्संग से लौट रही तीन साल की बच्ची कासगंज रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच परिजनों से बिछड़ गई। बच्ची के गुम होने से परेशान परिजनों ने प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी कर्मियों को सूचना दी। जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए करीब 30 मिनट में बच्ची को खोज निकाला और सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पीलीभीत जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी कुसमलता पत्नी नन्हेलाल अपनी सास मायादेवी और तीन वर्षीय बेटी हिमानी (काल्पनिक नाम) के साथ पटियाली में सत्संग में शामिल होने गई थीं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वे ट्रेन संख्या 55327 कासगंज-बरेली पैसेंजर से पीलीभीत जाने के लिए कासगंज जंक्शन पहुंचीं। स्टेशन पर भीड़ के बीच उनकी बेटी हिमानी उनसे बिछड़ गई। काफी तलाश के बाद भी बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने प्लेटफार्म संख्या चार-पांच पर तैनात जीआरपी कर्मियों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल ने बच्ची की तलाश के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने स्टेशन परिसर में खोजबीन की और यात्रियों से जानकारी जुटाने के साथ उद्घोषणा भी कराई। करीब 30 मिनट की तलाश के बाद बच्ची प्लेटफार्म संख्या एक पर फुट ओवरब्रिज के पास मिल गई। जीआरपी ने बच्ची को सुरक्षित उसकी मां और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी का आभार जताया। इसके बाद वे बच्ची को साथ लेकर पीलीभीत के लिए रवाना हो गए। बच्ची को खोजने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, कांस्टेबल कमल किशोर और महिला हेड कांस्टेबल सोनी यादव शामिल रहीं।