मध्य रेल की खर्डी–कसारा तीसरी रेल लाइन शुरू, परिचालन क्षमता बढ़ने और ट्रेनों की समयपालन में सुधार की उम्मीद

मध्य रेल की खर्डी?कसारा तीसरी रेल लाइन शुरू, परिचालन क्षमता बढ़ने और ट्रेनों की समयपालन में सुधार की उम्मीद

मुंबई-कसारा रेल मार्ग को मिलेगी नई रफ्तार

मुंबई। मध्य रेल ने रेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को खर्डी?कसारा खंड पर 13.53 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन सफलतापूर्वक शुरू कर दी। यह कल्याण?कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना का अहम हिस्सा है। नई रेल लाइन शुरू होने से इस मार्ग पर रेल परिचालन क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।

तीसरी रेल लाइन को चालू करने के लिए 17 और 18 अक्टूबर की मध्यरात्रि में 12 घंटे का यातायात ब्लॉक लिया गया। इस दौरान ट्रैक के महत्वपूर्ण कनेक्शन जोड़ने के साथ कसारा यार्ड की रीमॉडलिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेलवे संरक्षा आयुक्त ने 17 और 18 अक्टूबर को नई रेल लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद इसे परिचालन के लिए मंजूरी दी गई।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य, ट्रैक और सुरक्षा संबंधी कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की गई। नई रेल लाइन पर 117 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल परीक्षण किया गया। इसके बाद इस लाइन पर रेलगाड़ियों के परिचालन के लिए अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति अधिकृत की गई।

इस परियोजना के तहत चुनौतीपूर्ण पहाड़ी क्षेत्र में नई विद्युतीकृत रेल लाइन का निर्माण किया गया। इसके अलावा पुलों को मजबूत करने और उनका विस्तार करने, मिट्टी संबंधी कार्यों, आधुनिक सिग्नलिंग एवं विद्युतीकरण तथा खर्डी और कसारा रेलवे यार्डों में सुधार जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए।

नई तीसरी रेल लाइन शुरू होने से रेल मार्ग पर भीड़भाड़ कम करने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और ट्रेनों की समयपालन में सुधार करने में मदद मिलेगी। पूरी कल्याण?कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना के पूर्ण होने के बाद मुंबई-कसारा कॉरिडोर पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला के अनुसार, नई रेल लाइन का सफल संचालन रेलवे अवसंरचना के विस्तार और यात्रियों को सुरक्षित, कुशल एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।