हरदोई में जेसीबी से क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन, रेलवे गंज में मचा हड़कंप, प्रभु इलेक्ट्रॉनिक के पास हुआ गैस रिसाव

हरदोई। शहर के व्यस्त रेलवे गंज इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रभु इलेक्ट्रॉनिक के पास खुदाई के दौरान पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह करीब 11:45 बजे पाइपलाइन से तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। तेज आवाज के साथ गैस निकलती देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, इलाके में विद्युत विभाग की ओर से जेसीबी मशीन से खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन मशीन के पंजे की चपेट में आ गई और क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही रोक दी। जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी गई। वहीं, संबंधित गैस कंपनी के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव रोकने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत के लिए कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की। अधिकारियों की प्राथमिकता गैस रिसाव पर नियंत्रण पाने और स्थिति को सुरक्षित बनाना रही। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।