हरदोई में नई गड्डी देने का झांसा देकर 20 हजार की टप्पेबाजी, सीसीटीवी में दिखा आरोपी, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बे में टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति 200 रुपये के नए नोटों की गड्डी देने का झांसा देकर किराना व्यापारी से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने बावन पुलिस चौकी में शिकायत की, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बावन निवासी मुस्तकीम अपने भाई आरिफ के साथ सदर बाज़ार में आरिफ किराना स्टोर का संचालन करते हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और 200 रुपये के नए नोटों की गड्डी देने की बात कहकर मुस्तकीम से 500-500 रुपये के नोट ले लिए। इसके बाद मुस्तकीम दुकान के काम में व्यस्त हो गए।
आरोप है कि इसके बाद वह व्यक्ति दुकान पर काम करने वाले साकिर को अपने साथ स्कूटी से ले गया। उसने बताया कि उसने बावन में सर्रानीम के पास रहने के लिए कमरा लिया है और वहां किराने का सामान पहुंचाने को कहा। भरोसा दिलाया कि सामान के पैसे वहीं दे देगा। हालांकि, आरोपित वहां से रुपये लेकर फरार हो गया। इससे व्यापारी को करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित मुस्तकीम ने 14 अक्टूबर को बावन पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
अब आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल पीड़ित आरोपी की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहा है।