ठूठीबारी के लापता युवक का शव सिसवा बाजार में रेलवे ट्रैक के पास मिला, परिवार में मचा कोहराम

 

*15 अक्टूबर की सुबह घर से निकला था द्वारिका यादव, 17 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की शिकायत*

*ठूठीबारी/महराजगंज* ठूठीबारी थाना क्षेत्र के सड़कहवा टोला निवासी करीब 20 वर्षीय द्वारिका यादव का शव 16 अक्टूबर शुक्रवार की सुबह सिसवा बाजार में रेलवे ट्रैक के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव की पहचान होने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

*15 अक्टूबर की सुबह घर से निकला था युवक*

मिली जानकारी के अनुसार, द्वारिका यादव पुत्र राजेंद्र यादव 15 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब छह बजे घर से निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह कुछ देर बाद वापस लौट आएगा, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

*17 अक्टूबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत*

परिजनों ने 17 अक्टूबर को ठूठीबारी कोतवाली में द्वारिका के लापता होने की तहरीर दी थी। और पुलिस ने तत्काल मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी। इसी बीच 16 अक्टूबर की तड़के सुबह ही कोठीभार थाने की पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक शव और उसके नजदीक नीले रंग की साइकिल मिलने की सूचना ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को दी गई।

रविवार, 18 अक्टूबर की सुबह ठूठीबारी पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी और शव की पहचान के लिए उन्हें कोठीभार थाना भेजा गया जहां पर आवश्यक विधिक कार्यवाही के पश्चात परिजनों को जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस बुलाया। वहां परिजनों ने शव की पहचान द्वारिका यादव के रूप में की। फिलहाल शव को पुलिस की निगरानी में मोर्चरी हाउस में रखा गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

*परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़*

बेटे के लापता होने के बाद से ही परिवार के लोग उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन शव मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।