रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम को दी बधाई, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम को दी बधाई, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

एशियाई खेल 2026 में ईरान को हराकर भारत ने जीता स्वर्ण पदक, रेल भवन में खिलाड़ियों से मिले केंद्रीय मंत्री

नई दिल्ली। एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारतीय रेलवे की महिला खिलाड़ियों को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और उनके समर्पण, मेहनत तथा शानदार खेल प्रदर्शन की सराहना की।

26 सितंबर 2026 को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में अपना खिताब बरकरार रखा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने देशवासियों को गौरवान्वित किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया।

टीम की प्रशिक्षक नीता मोरेश्वर दादवे और कप्तान पुष्पा राणा के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। रेल मंत्री से मुलाकात करने वाले खिलाड़ियों में दक्षिण मध्य रेलवे की मुख्य प्रशिक्षक नीता मोरेश्वर दादवे, रितु नेगी और पिंकी रॉय, उत्तरी रेलवे की पूजा तथा पश्चिमी रेलवे की सोनाली विष्णु शिंगेट और राज रानी शामिल रहीं।

इस अवसर पर भारतीय रेलवे के खेलों में योगदान को भी रेखांकित किया गया। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के माध्यम से रेलवे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। भारतीय रेलवे के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।

भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि उचित अवसर, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर देश की बेटियां विश्व स्तर पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।